केंद्र सरकार के कृषि बिलों के विरोध में आज जिले के किसान नेताओं ने किसान कर्फ्यू का एलान किया है। टप्पल, अकराबाद, इगलास, अतरौली, पिसावा में यह प्रदर्शन प्रस्तावित है। किसानों ने सड़कों पर बैठ चक्का जाम का एलान किया है। इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर है।
देहात में एसडीएम और सीओ सहित एसपी ग्रामीण को आईजी स्तर से अलर्ट किया गया है। वहीं, डीएम ने एडीएम प्रशासन को किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था न बिगडऩे देने की जिम्मेदारी सौंपी है। इधर, शहर में भी इस आंदोलन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। एडीएम सिटी और सभी एसीएम व सिटी मजिस्ट्रेट को शहर में अलर्ट रहने के निर्देश डीएम ने दिए हैं।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की अराजकता और कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है। मगर, वह विरोध शांतिपूर्ण तरीके से हो। किसानों से अपील है कि वह आम जन जीवन को प्रभावित करने वाली किसी भी हरकत को अंजाम न दें। वरना प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सतर्कता
किसानों द्वारा चक्का जाम करने का एलान करने के बाद रेलवे स्टेशन और अलीगढ़ परिक्षेत्र की रेल पटरियों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने डेरा डाल लिया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक आरपीएसएफ की एक टुकड़ी को अलीगढ़ बुलाया गया है। बाकी पोस्ट के जवानों को गश्ती के निर्देश दिए हैं। इधर, राजकीय रेलवे पुलिस आगरा अनुभाग की ओर से जीआरपी सीओ, आगरा को अलीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी देते हुए भेजा गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के मुताबिक स्टेशन परिसर की सुरक्षा में जीआरपी के सभी जवानों को लगा दिया है। जिन ट्रेनों में जीआरपी अलीगढ़ का स्क्वायड तैनात है, उक्त स्क्वायड को भी अलर्ट किया गया है।
एक बैनर तले जुटेंगी तमाम पार्टियां
किसान कफ्र्यू को सफल बनाने के लिए किसानों के साथ कांग्रेस, राष्टï्रीय लोकदल, भारतीय यूनियन सहित तमाम किसान हितैषी पार्टियों ने धरना-प्रदर्शन का एलान किया है। राष्टï्रीय लोकदल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोपाल चौधरी ने बताया कि किसानों के साथ उनकी पार्टी सदैव खड़ी रही है। किसानों की हर समस्या को सुलझाने के लिए पार्टी अपनी जान लड़ा देगी। बिल सरकार को वापस लेने होंगे। वहीं, भारतीय किसान यूनियन के विमल तोमर ने बताया कि किसानों ने प्रदर्शन के साथ-साथ यह भी तय किया है कि वह किसी भी सरकारी वाहन को नहीं रोकेंगे, एंबुलेंस को सड़क जाम के दौरान रास्ता दिया जाएगा। कुल मिलाकर सभी आपतकालीन स्थितियों में किसान सहयोग में रहेंगे।