टप्पल थाना क्षेत्र के जिकरपुर गांव स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पुल के नीचे किसानों ने बृहस्पतिवार को शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजन में 14 अगस्त 2010 को एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी।
किसानों ने हवन में आहुतियां दीं। कार्यक्रम में रागिनी का संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें क्षेत्र के सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया। श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के बाद किसानों ने तहसीलदार खैर अवनीश कुमार को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण से किसान के अतिरिक्त मुआवजा 64.7 प्रतिशत दिलाने व यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण से किसानों के 10 प्रतिशत प्लॉट दिलाने की मांग की। गौरतलब है कि 2010 में यमुना एक्सप्रेसवे मार्ग का निर्माण चल रहा था। उस आंदोलन में प्रशांत, मोहित, धर्मेंद्र सहित पीएसी में तैनात सूबेदार बिजेंद्र सिंह की मौत हुई थी। इसे लेकर क्षेत्र के किसान हर साल 14 अगस्त को शहीद दिवस मनाते हैं।
इस दौरान ओमपाल सिंह सूर्यवंशी, पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह, सुंदर सिंह बाल्यान, रामबाबू कटेलिया, चौधरी रमेश कुमार अत्री, मनवीर सिंह तेवतिया, पूर्व चेयरमैन चौधरी मनवीर सिंह, देवदत्त सिंह, अलाउद्दीन आदि मौजूद रहे। संवाद