किसानों से बात करते मंडी सचिव मुकेश त्रिपाठी व पुलिस अधिकारी।
- फोटो : samvad
कस्बा स्थित अनाज उपमंडी में रविवार दोपहर किसानों ने व्यापारियों पर धान खरीद की कम कीमत लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। व्यापारियों ने खरीद से मना कर दिया तो किसानों ने मंडी गेट पर एकत्रित होकर नारेबाजी की और रामघाट रोड पर जाम लगा दिया। मंडी सचिव व थाना पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और धान की तुलाई शुरू कराई।
कस्बा मंडी में इन दिनों भारी मात्रा में धान की आवक हो रही है, फड़ों से लेकर सड़क तक धान के ढेर लगे हैं। किसानों का कहना था कि व्यापारियों ने धान को नमीयुक्त और दागी धान बताकर धान का मूल्य 2000 व 2100 रुपये प्रति क्विटंल बताया, जबकि रविवार को धनीपुर मंडी में धान के रेट से यहां दो सौ से तीन सौ रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा रहा था। किसानों ने इसका विरोध किया तो व्यापारियों ने इससे ज्यादा मूल्य पर धान खरीदने से मना कर दिया।
इससे किसान भड़क गए और रामघाट रोड पर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। साथ ही मंडी के गेट पर प्रदर्शन करने लगे। थाना पुलिस व धनीपुर मंडी सचिव मौके पर पहुंच गए, किसानों से गीले धान नहीं लाने की अपील कर धान की गुणवत्ता के हिसाब से खरीद की कहकर 2300 रुपये प्रति क्विटंल से ज्यादा का मूल्य देने की कह धान की खरीद शुरू कराई।
किसानों से उचित मुख्य पर ही खरीद कराई जाएगी। वर्तमान में मंडी में क्षमता से अधिक धान आने और उठान नहीं होने के कारण अतिरिक्त धान उतारने के लिए स्थान नहीं है, जिसके चलते किसानों से सोमवार को मंडी में धान नहीं लाने की अपील की है। - मुकेश त्रिपाठी, मंडी सचिव