Lying at the death of the farmer by the cold,
- फोटो : अमर उजाला
नगर के पैंठ चौराहे पर एक किसान की ठंड लगने से मौत हो गई। गुरुवार की सुबह किसान का शव एक दुकान के आगे पड़ा मिला। वह पिलखुनी स्थित अपने खेतों में पानी लगाने के बाद बुधवार की रात साइकिल से लौट रहे थे। सूचना पर परिजनों के होश उड़ गए। रोते, बिलखते हुए परिजन मौके पर पहुंचे।
नगर के मोहल्ला नगाइचपाड़ा निवासी महेंद्र सिंह (62) पुत्र भगवती प्रसाद किसान थे। गांव पिलखुनी के निकट उनके खेत और नलकूप है। बुधवार की शाम वह अपने खेतों में पानी लगाने गए थे। बताते हैं कि देर शाम करीब साढ़े आठ बजे पानी लगाकर वह साइकिल से रामघाट रोड स्थित अपने गोदाम पर जा रहे थे।
इसी दौरान एक दुकान के आगे साइकिल से गिर गए। राहगीरों और दुकानदारों ने समझा कि कोई शराबी पड़ा तो उन्होंने भी नहीं उठाया। उधर चर्चा यह भी है कि महेंद्र सिंह हृदय रोग से पीड़ित थे। रात भर खुली सड़क पर पड़े रहे। इससे हो सकता है कि ठंड की वजह से हृदयगति रुकने से मौत हुई हो। महेंद्र सिंह के तीन बेटे हैं। पोस्टमार्टम कराए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।