क्षेत्र के गांव सिकुर्रा में एक किसान की हृदयाघात से मृत्यु हो गई। ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में आई आंधी-बारिश से फसल को हुए नुकसान के बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
गांव सिकुर्रा निवासी अजय जैसवाल ने बताया कि उनके गांव के 68 वर्षीय होरी लाल खेती व मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। दो दिन पूर्व आई तेज आंधी और बारिश से उनके गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा था, जिससे वह काफी चिंतित थे। बृहस्पतिवार की शाम खेत से घर लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और घबराहट होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए कस्बा स्थित चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी राजवती, एक पुत्र तथा छह विवाहित बेटियां छोड़े हैं।