होली के त्योहार पर ट्रेनों में जमकर भीड़ भाड़ थी, सीट न मिलने के बावजूद लोग घर पहुंचने की चाहत में जान की परवाह किए बगैर ट्रेनों की छतों, पायदान पर बैठकर यात्रा कर रहे थे। बुधवार देर शाम कुलुवा-मेहरावल स्टेशन के बीच एचएडी ट्रेन सेगिरकर बदायूं के यात्री की मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजन शव को घर ले गए, लेकिन बाद में वह शव थाना जीआरपी लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को भी जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त चेकिंग की।
इंस्पेक्टर जीआरपी अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि बदायूं के उधैती सोरों निवासी संजीव कुमार (22) अपने भाई सुमन दीप, गांव के ही पप्पू आदि के साथ दिल्ली से काम करके होली का त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहा था।
बताते हैं कि ट्रेन कुलुवा-मेहरावल के बीच पहुंची यकायक ट्रेन से गिरकर संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए परिजन अलीगढ़ लेकर आ रहे थे, जहां उसकी मौत हो गई। परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। किसी के समझाने पर बाद में परिजन शव को लेकर जीआरपी थाने पहुंचे, जहां इंस्पेक्टर जीआरपी को पूरा मामला बताया। जीआरपी ने शव कब्जे में करते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।
उधर, रोडवेज ने होली के त्योहार को भुनाने के लिए बुधवार को दिल्ली-आगरा रूट पर करीब बुधवार को करीब तीन सौ बसों का संचालन किया है। जिससे एटा, कासगंज आदि रूटों पर बसों का टोटा पड़ गया।
हालांकि विभागीय अफसरों ने इन रूटों पर आनन-फानन में बसों का बंदोबस्त किया। क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज आरिफ सकलैन ने बताया कि होली के कारण गुरुवार सुबह से दोपहर करीब एक बजे तक बसों का संचालन धीमा रहेगा। लेकिन दोपहर बाद बसों का संचालन बड़ जाएगा।