गोधा थाना क्षेत्र के तालिब नगर में पकड़े गए फर्जी पेट्रोल पंप को मंगलवार को प्रशासन ने जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। एसडीएम कोल रंजीत सिंह व डीएसओ राजेश कुमार सोनी की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई। एसडीएम कोल रंजीत सिंह ने बताया कि फर्जी पेट्रोल पंप जिस परिसर में संचालित था, वहां पर कमरा बना था।
टिन शेड पड़ा था। डीजल व पेट्रोल के अलग-अलग टैंक लगे थे। इन सभी को उखाड़ दिया गया है। गौर हो कि फर्जी पंप संचालक राजू मामा के तार शराब माफिया ऋषि शर्मा के साथ भी जुड़े हैं। ऋषि और राजू पुराने करीबी हैं। व्यावसायिक गतिविधियों में भी दोनों की हिस्सेदारी रही है।
गोधा थाना क्षेत्र के तालिब नगर में फर्जी पेट्रोल पंप संचालन के मामले में पांच लोगों के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में सेल्समैन मोहसिन, भूपेंद्र निवासी अर्नी, पला चांद, खैर, दिव्यांश शर्मा निवासी ध्रुव प्लाजा, समध रोड, सिविल लाइंस, रोहित अत्री निवासी अजीत नगर, जट्टारी, राजू मामा निवासी सेंटर प्वाइंट को नामजद किया गया था।
राजू मामा जवां इलाके का मूल निवासी है। इस मामले में गभाना तहसील के पूर्ति निरीक्षक शिव कुमार त्यागी की भूमिका भी सवालों के चलते संदिग्ध है। इस पूरे प्रकरण को लेकर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि वह जिले में एक भी अवैध गतिविधि नहीं सहन करेंगे। जिन भी लोगों की इस पेट्रोल पंप मामले में भूमिका है। उन सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।