हाथरस में रेडीमेड कपड़े की दुकान से 8.77 लाख के नकली नोट मिले
हिरासत में लिए दुकानदार से आईबी और एलआईयू की टीम ने की पूछताछ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस ने रविवार को जलेसर रोड स्थित गांव लाढ़पुर में एक रेडीमेड कपड़े की दुकान से 8.77 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकानदार को अपनी हिरासत में ले लिया है। देर शाम अलीगढ़ से आईबी की टीम आ गई और दुकानदार से पूछताछ की।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव दयानपुर निवासी राजवीर पुत्र भगवती प्रसाद ने पिछले माह कस्बा लाढ़पुर में रेडीमेड कपड़े की दुकान खोली थी। रविवार की दोपहर को कोवताली हाथरस जंक्शन पुलिस को किसी ने फोन पर सूचना दी कि राजवीर की दुकान पर नकली नोट रखे हुए हैं। सूचना के तुरंत बाद पहुंची पुलिस ने रेडीमेड कपड़े की दुकान के काउंटर से मिठाई के डिब्बे से ये नोट बरामद किए। ये नोट कलर्ड स्कैन (फोटो स्टेट) किए हुए थे। दुकानदार राजवीर और नोटों से भरे मिठाई के डिब्बे को पुलिस अपने साथ थाने ले गई।
थाना कोतवाली में पुलिस ने जब नोट गिने तो इसमें 500 के 42 नोट, 100 के दस नोट और बाकी के सभी दो हजार रुपये के नकली नोट निकले। सूचना पाकर आईबी की टीम अलीगढ़ से आ गई। एलआईयू की टीम भी पहुंच गई। आईबी और एलआईयू की टीम दुकानदार से पूछताछ की। दुकानदार का कहना था कि उसे यह नहीं मालूम कि उसके काउंटर में ये नोट कैसे पहुंचे। उसके पास दोपहर में रेडीमेड कपड़े खरीदने के लिए कुछ लोग आए थे। उसने संदेह जताया कि इन्हीं लोगों ने उसके काउंटर में ये नोट रख गए होंगे। पुलिस देर शाम तक पूरे मामले की तहकीकात में जुटी थी।
लाढ़पुर में एक दुकान से 8.77 लाख रुपए के कलर्ड स्कैन की हुई नोट बरामद हुए हैं। इसे लेकर दुकानदार से पूछताछ की जा रही है। छानबीन जारी है।
-सिद्धार्थ वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, हाथरस