हाथरस: अयोध्या में श्रीराम मंदिर पर फैसला आने के बाद शहर में दूसरे दिन भी एहतियातन पुलिस फोर्स तै?
- फोटो : HATHRAS
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शहर के हालात रहे सामान्य
संवेदनशील व सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस फोर्स रही तैनात, खुफिया तंत्र भी रहा अलर्ट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद दूसरे दिन भी शहर में दिनचर्या सामान्य रही, फिर भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस फोर्स गश्त करती रही और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फोर्स की तैनाती रही। अधिकारी पूरे हालात की जानकारी लेते रहे और निर्देश देते रहे।
राम मंदिर-बाबरी मस्जिद मसले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला शनिवार को आया था, लेकिन इस फैसले के बाद हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही सारे इंतजाम पुख्ता कर लिए थे। संवेदनशील इलाकों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी। कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया था। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए अलग से सैल गठित कर दिया था। पुलिस ने कस्बों और शहर में लगातार गश्त भी की थी। पुलिस की सख्ती के चलते फैसला आने के बाद कोई बखेड़ा नहीं हो सका था।
रविवार को भी पुलिस-प्रशासन बेहद चौकन्ना रहा। संवेदनशील और सार्वजनिक स्थलों पर फोर्स तैनात रही। वाहनों की चेकिंग की गई और संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखी गई। खुफिया तंत्र बेहद अलर्ट रहा। शहर के कई मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खुद एएसपी, सीओ सिटी पुलिस फोर्स के साथ गए और वहां की स्थिति देखी। वहीं शहर में हालात सामान्य रहे और अमन-चैन कायम रहा।