जिले के गोंडा क्षेत्र के गांव धौर्रा पालन के युवक ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौत की फर्जी सूचना डाल दी। इस पोस्ट को देख सोशल मीडिया सेल के कान खड़े हो गए। अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाकर तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कराया गया। मामले में आरोपी को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।
सोशल मीडिया सेल की निगरानी में पाया गया कि धौर्रा पालन के राहुल कुमार ने अपनी फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौत संबंधी फर्जी सूचना पोस्ट कर दी है। इसके साथ पीएम का फोटो भी लगाया गया। इस मामले में आरोपी का पता देखते हुए उसे तत्काल गिरफ्तार कराया गया। सीओ इगलास राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है।
इधर, एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं डालने वाले सतर्क रहें। पुलिस की सोशल मीडिया टीम लगातार निगरानी कर रही है। कोई भी आपत्तिजनक सामग्री डालने पर तत्काल कार्रवाई होगी।