राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी देखने आने वाले लोग इस बार हेलीकॉप्टर से शहर देख सकेंगे। नुमाइश प्रशासन इसका इंतजाम करने में जुट गया है। जिले में संचालित फ्लाइंग क्लब पायोनियर को मानकों को पूरा करने के लिए कहा गया है। लिंक लॉक समेत अन्य कंपनियां स्टॉल लगाकर अपने अपने उत्पादों और उनके निर्माण में प्रयुक्त तकनीकी का प्रदर्शन करेंगे।
मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न उद्योगों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस बार की नुमाइश एक माह पहले आयोजित की जा रही है। समय कम है और इसी सीमित समय में कम बजट वाले मनोरंजक, ज्ञानवर्धक कार्यक्रम कराने हैं। विशेष रूप से औद्योगिक मामलों में इस बार कुछ नया करने का निर्णय लिया गया है। लिंक लॉक समेत अन्य ताला एवं हार्डवेयर निर्माता कंपनियां नुमाइश में अपने अपने उत्पादों का प्रदर्शन करें तो उनके निर्माण में प्रयुक्त तकनीकी से भी लोगों को अवगत कराएं। इसके लिए अलग से जगह दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शहरवासियों को हेलीकॉप्टर से शहर दिखाने के लिए पायोनियर कंपनी के अधिकारियों से बात की गई है। उनसे फ्लाइंग के मानकों को पूरा करने एवं हेलीकॉप्टर का इंतजाम करने के लिए कहा गया है। नुमाइश प्रभारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि इस बार सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ब्लाक एवं नगर पंचायतों से सफाई कर्मी रोटेशन के हिसाब से बुलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रतिभाओं को मौके देने के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भी कराए जाएंगे।