सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर बुलंदशहर निवासी एटा में तैनात सिपाही को दिल देने वाली युवती ने सिपाही पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया है। देहली गेट पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए बन्नादेवी स्थानांतरित कर दिया है।
युवती का आरोप है कि सिपाही ने उससे दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर रेप किया और अब शादी से इंकार कर दिया। साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर उसे धमकाया भी गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची युवती ने बताया था कि उसकी डेढ़ साल पहले एटा के बागवाला थाने में तैनात सिपाही आकाश निवासी केलावन शिकारपुर बुलंदशहर से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। सिपाही ने प्रेम विवाह का वादा किया था।
इस दौरान सिपाही ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मगर, अब वह परिवार वालों के न मानने की दुहाई देकर शादी से पीछे हट रहा है। पुलिस से हुई शिकायत पर सिपाही परिवार को बुलाया भी गया और समझौते की बात शुरू हुई।
मगर बात न बनने पर सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें यह भी आरोप है कि सिपाही ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली, जिसके दम पर वह उसे धमकी दे रहा था। इंस्पेक्टर देहली गेट के अनुसार मुकदमा दर्ज कर विवेचना बन्नादेवी भेज दी गई है।