एटा सांसद राजवीर सिंह ने अपनी बेटी पूर्णिमा सिंह की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए हथियारबंद पुलिसकर्मी की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने बीती 20 अगस्त को प्रदेश सरकार को पत्र लिखा था, जिस पर कार्रवाई शुरू हो गई है।
शासन के विशेष सचिव सुनील कुमार ने इस संबंध में डीएम-एसएसपी को पत्र लिख कर आगामी तीन माह तक अंतरिम रूप से एक नि:शुल्क सुरक्षाकर्मी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। ये व्यवस्था स्थायी सुरक्षा कर्मी की तैनाती होने तक बनी रहेगी।
विशेष सचिव ने ये भी कहा है कि सांसद की मांग के अनुसार प्रदेश स्तरीय उच्च समिति की आगामी बैठक होने तक पूर्णिमा सिंह के जीवन के वास्तविक भय का आंकलन कर लिया जाए। जिससे आगे का निर्णय सही हो सके। इससे पहले मंडलीय सुरक्षा समिति की आख्या भी दो दिन के अंदर मांगी गई है ताकि जब भी प्रदेश स्तरीय उच्च समिति की बैठक हो तो इस आख्या को प्रस्तुत किया जा सके।
गौर हो कि एटा सांसद की पुत्री पूर्णिमा सिंह वर्तमान में अपने पति प्रवीण राज सिंह के साथ वैष्णव कॉलोनी केशव नगर स्थित ससुराल में रहती हैं जबकि उनका मायका मैरिस रोड में हैं।