एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के कथित बयान से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्र आक्रोशित हैं। इनका कहना है कि अगर आपत्तिजनक बयान पर राजू भैया सोमवार तक माफी नहीं मांगते हैं तो वे लोग उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। कासगंज दंगे को लेकर एक वीडियो इस समय तेजी से कैंपस में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राजू भैया पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन का कहना है कि एटा सांसद ने मुसलमानों को आतंकवादी कहा है। वीडियो में राजू भैया से सवाल पूछा गया है कि मस्जिद की छत से फायरिंग हुई है। क्या कहेंगे कि यहां पर (कासगंज) कोई आतंकवादी संगठन पहले से सक्रिय हैं। इसके जवाब में राजू भैया ने आपत्तिजनक बयान दिया था।
फैजुल का कहना है कि सांसद के इस बयान से मुस्लिम समाज में रोष व्याप्त है। यदि सोमवार तक वह माफी नहीं मांगते है तो उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट करेंगे। राष्ट्रपति, लोकसभा स्पीकर, संसद एवं यूएनओ में भी पत्र लिखेंगे। इस संबंध में कई बार फोन करने के बावजूद एटा सांसद राजू भैया से बात नहीं हो सकी। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह का कहना है कि मैं राजू भैया के साथ था। उन्होंने मुसलमानों को आतंकवादी नहीं बोला था।