कनाडा में पहुंचे अलीगढ़ के उद्यमी उमंग मोंगा और प्रवीन शर्मा- स्रोत- स्वयं
भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए भारत का एक उच्च स्तरीय मजबूत उद्योग प्रतिनिधिमंडल कनाडा के दौरे पर है। इस मिशन में अलीगढ़ के प्रमुख निर्यातकों को भी देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अलीगढ़ चैप्टर के उपाध्यक्ष उमंग मोंगा और अलीगढ़ के निर्यातक प्रवीन शर्मा इस रणनीतिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर ओटावा और टोरंटो में वैश्विक मंच पर भारत की पैरवी कर रहे हैं।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में शुरू हुए इस बेहद महत्वपूर्ण दौरे का मुख्य उद्देश्य अगले पांच वर्षों के भीतर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 50 बिलियन डॉलर के महत्वाकांक्षी लक्ष्य तक पहुंचाना है। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल कनाडाई उद्योग जगत के शीर्ष दिग्गजों और वहां के प्रसिद्ध मेपल 8 पेंशन फंड्स के मुख्य कार्यकारियों से सीधे संवाद कर रहा है, जो करीब 2.4 ट्रिलियन कनाडाई डॉलर की विशाल पूंजी का प्रबंधन करते हैं।
कनाडा के पास मौजूद क्रिटिकल मिनरल्स और यूरेनियम के प्रचुर भंडारों का लाभ भारतीय ऊर्जा क्षेत्र को दिलाने पर विशेष ध्यान है। भारतीय वस्त्र (टेक्सटाइल) और चमड़ा (लेदर) निर्यात के लिए कनाडाई बाजारों में बेहतर और आसान पहुंच बनाना।