फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अतिक्रमण हटाने पर नगर निगम टीम और भाजपाइयों में मारपीट- पथराव

विज्ञापन
पथराव के बाद करन वार्ष्णेय को पीटती नगर निगम की टीम । - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
सासनी गेट थाना क्षेत्र के हाथरस अड्डा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान शुक्रवार दोपहर को नगर निगम के प्रवर्तन दल और भाजपा के पदाधिकारियों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि प्रवर्तन दल पर जमकर पत्थरबाजी हुई और भाजयुमो के महानगर उपाध्यक्ष करण वार्ष्णेय को सड़क पर गिराकर पीटा भी गया। सूचना पर शहर विधायक संजीव राजा, पार्षद, कार्यकर्ता थाना सासनी गेट का घेराव करने पहुंच गए। वहां काफ ी देर तक हंगामा हुआ। दोपहर करीब 12 बजे हुए इस घटनाक्रम के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान ठप हो गया। आगरा रोड पर वाहन भी जाम में फंस गए। इस मामले में भाजयुमो महानगर उपाध्यक्ष करण वार्ष्णेय की तहरीर पर प्रवर्तन प्रभारी कर्नल निशीथ सिंघल व उनकी टीम पर मारपीट, अभद्रता व जाटव समाज से ताल्लुक रखने वाले एक कार्यकर्ता से जाति सूचक शब्द कहने पर एससी-एसटी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। दूसरा मुकदमा वार्ड-16 के पार्षद राजकुमार शर्मा की ओर से उनके नाम का बोर्ड उखाड़ने और सीएम के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में लिखाया गया है। इधर, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल निशीथ सिंघल ने टीम पर पथराव करने की बात कही है।
विज्ञापन

वाकया दोपहर करीब 12 बजे का है। नगर निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी निशीथ सिंघल की टीम आगरा रोड पर गांधी पार्क से अतिक्रमण हटाते हुए हाथरस अड्डे तक पहुंची। अभियान के कारण सड़क पर जमा लगा था। इस दौरान वहां भाजपा युवा मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष करण वार्ष्णेय अपने दोपहिया वाहन से पहुंचे। उनके साथ अनुसूचित मोर्चा के मंत्री अजय सिंह जाटव भी साथ थे। प्रवर्तन दल की बोलेरो गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी थी। आरोप है कि करण वार्ष्णेय ने प्रवर्तन टीम से बाइक निकलने के लिए रास्ता देने की बात कही। इसी बात पर प्रवर्तन दल भड़क गया और उनके साथ मारपीट की। अजय सिंह जाटव ने विरोध किया तो उनको भी जाति सूचक शब्द कहे गए। इस घटना का पास ही वीडियो बना रहे रितिक वार्ष्णेय नाम के लड़के को भी पकड़ लिया। टीम सभी को बोलेरो में बैठाने लगी।
इसी बीच किसी ने करण वार्ष्णेय के चाचा व गांधी नगर मंडल के अध्यक्ष मुकेश मदन वार्ष्णेय को सूचना दे दी। वह कई कार्यकर्ताओं के साथ आ गए। तीनों को छोड़ने की बात को लेकर प्रवर्तन दल के प्रभारी निशीथ सिंघल व भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। कार्यकर्ता बोलेरो के आगे लेट गए। इसके बाद दोनों पक्षों में फिर मारपीट हो गई। बाद में भाजपा नेता करण, अजय व रितिक को छुड़ा ले गए। बोलेरो की चाबी भी निकाल ले गए।
विज्ञापन

घटनाक्रम से गुस्साए कार्यकर्ता सासनी गेट थाने पहुंच गए। यहां कई पार्षद व शहर विधायक संजीव राजा भी आ गए। उन्होंने पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने का दबाव बनाया। इसके बाद करण की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर सासनी गेट जावेद खां ने मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि की।
रास्ता मांगने पर नहीं हुआ विवाद, अचानक किया पथराव : निशीथ
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल निशीथ सिंघल ने घटना के संबंध में बताया कि भाजपाइयों की ओर से लगाए आरोप मनगढंत हैं। रास्ता मांगने को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ। हाथरस अड्डा के पास टीम जैसे ही पहुंची औैर अतिक्रमण हटाने लगी। तभी कुछ लोग विरोध करते हुए आए। उनकी बात को सुना ही जा रहा था, तभी टीम पर पथराव शुरू हो गया। इससे पहले कुछ समझ पाते एक युवक पत्थरबाजी करते दिखाई दिया। प्रवर्तन दल के सदस्यों ने दौड़कर उसको पकड़ लिया। वह भागने की कोशिश में जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी वह पलटवार करने लगा। तब सदस्यों ने अपने बचाव में उसके साथ हुज्जत की।
भाजपा नेता के घर के बाहर नाले पर बनी सीढ़ियों को ढहाते ही बिगड़ा माहौल
हाथरस अड्डे पर भाजपा महानगर सह मीडिया प्रभारी अजय गुप्ता व बालाजी फ्रूट सेंटर के नाम से दुकान चलाने वाले सुरेश पाल सिंह (84) के मकान के भीतर जाने के लिए नाले पर बनी सीढ़ियों को टीम ने ध्वस्त कर दिया। ये सीढ़ी नाले पर अवैध कब्जा कर बनाई गई थी। आरोप है कि टीम ने बुजुर्ग सुरेश पाल सिंह से अभद्रता कर दी। इसका विरोध होने लगा और भाजपा कार्यकर्ता व अधिकारियों के बीच नोंकझोक भी हुई। कहासुनी के बाद गालीगलौज शुरू हो गई। यहां से टीम जैसे ही आगे बढ़ी तो उस पर एकाएक पथराव हो गया।
घटनाक्रम से पहले बंद हुई तीसरी आंख
भाजपा कार्यकर्ता व नगर निगम की टीम के बीच हुई मारपीट-पत्थरबाजी की घटना में दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। देर शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करा दिया। लेकिन नगर निगम के यूनियन के पदाधिकारियों के बीच मुकदमे को लेकर मंथन चलता रहा। इस बीच घटनाक्रम की जांच के लिए सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह हाथरस अड्डा पर पहुंचे। लोगों से बातचीत के बाद उन्हें स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगा एक सीसीटीवी नजर आया। उन्होंने कर्मचारियों से फुटेज निकलवाने की बात कही। लेकिन बताया गया कि कैमरे का तार सुबह 11 बजे टूट गया था। इसको दुरुस्त किया जा रहा है। कैमरा बंद होने के कारण घटनाक्रम कैद ही नहीं हुआ।
आगरा रोड हुआ जाम, रेंग-रेंगकर चले वाहन
अभियान के दौरान प्रवर्तन दल के साथ चल रहा महाबली आगरा रोड पर जाम का कारण भी बन गया। दरअसल, सड़क संकरी होने के चलते वहां इतनी जगह नहीं है कि बुलडोजर अतिक्रमण ध्वस्त करता रहे और दोनों ओर से वाहन निकलते रहें। इसके चलते दोनों ओर से आने वाले वाहन आमने-सामने आ गए और जाम लग गया। आलम यह रहा कि सासनी गेट से लेकर गांधी पार्क चौराहा तक रोड जाम हो गई। हजारों लोग सड़क पर जहां के तहां फंस गए। देर शाम छह बजे के बाद जाम थोड़ा हुआ कम हुआ।

अतिक्रमण हटवाते नगर निगम के अधिकारी।- फोटो : CITY OFFICE

हाथरस अड्डे पर अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा करते लोग।- फोटो : CITY OFFICE

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें