नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन शनिवार को भी सफल नहीं हो सका। गांधीपार्क से बारहद्वारी के बीच चले इस अभियान में टीम अतिक्रमण हटाने की अपील और चेतावनी देती रही, लेकिन बारहद्वारी पर टीम को विरोध झेलना पड़ा। इस दौरान दुकानदारों से तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद टीम यहां से लौट गई।
नगर निगम द्वारा शहर में 6 मई से 31 मई तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को टीम ने सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह की अगुवाई में गांधीपार्क से अभियान शुरू किया, यहां से टीम मीरीमल की प्याऊ, मामू भांजा, पत्थर बाजार होते हुए बारहद्वारी चौराहा पहुंची। बाजार में दुकानदारों से नालों व फुटपाथ से सामान/अवैध कब्जे हटवाने की अपील करती रही। टीम की अपील पर दुकानदारों ने सामान भी हटाया। कुछ जगह टीम ने चेतावनी भी दी, मगर बारहद्वारी पर दुकान के बाहर सामान हटाने के लिए कहा गया तो दुकानदारों ने नाले पर एक निर्माण होने का इशारा करते हुए कहा कि पहले इसे हटवाओ, तब हम अपना सामान हटाएंगे। इसे लेकर वहां तीखी नोकझोंक व टीम को विरोध का सामना करना पड़ा।
सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह ने कहा कि लाल निशान लगवाकर यह अतिक्रमण भी हटवाया जाएगा। वह स्थायी निर्माण वाले अतिक्रमणकर्ता को दो दिन की चेतावनी देकर लौट गए। इस दौरान टीम में सहायक अभियंता सिब्ते हैदर, अवर अभियंता संजय कुमार, मीडिया सहायक एहसान रब, राजस्व निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह आदि थे। अब सोमवार को शमशाद रोड पर अभियान चलाया जाएगा।