क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने विद्युत अधिकारी व कर्मचारियों पर घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत कोतवाली में की गई है।
महिला का कहना है कि सोमवार की दोपहर को उसके परिवार के लोग खेत पर काम करने गए थे। इस दौरान पड़ोसी के घर से कूदकर कुछ बिजली कर्मचारी उसके घर में घुस आए और महिलाओं से अभद्रता करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारियों ने मारपीट भी की। हंगामा होने पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और मुरसान कोतवाली पहुंच गए।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि विद्युत कर्मचारी दूसरों की छत से होकर घर में कूद गए और महिलाओं से अभद्रता की है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। अवर अभियंता प्रवेश कुमार का कहना है कि उपभोक्ता के घर पर बिजली की चोरी की जा रही थी। कार्रवाई के डर से उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया और कर्मचारियों से अभद्रता की। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जा रही है।