इगलास। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बुधवार को इगलास क्षेत्र में कार्रवाई की। विद्युत वितरण चतुर्थ प्रभाग के कार्यालय में तैनात एक कार्यकारी सहायक को एक बिल भुगतान को कराने के लिए 40 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।
मामले में इगलास की श्रीधाम कॉलोनी निवासी ठेकेदार यतेंद्र उर्फ गौरव भारद्वाज ने इस संबंध में शिकायत की थी। बताया था कि उनकी फर्म का चार लाख चौंतीस हजार रुपये का बिल लंबित था। यह भुगतान वित्तीय वर्ष 2024-25 का चला आ रहा था। चतुर्थ प्रभाग में प्रभात कुमार गुप्ता निवासी लखनऊ कार्यकारी सहायक के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि वह इस बिल के भुगतान के लिए 40 हजार रुपये की मांग कर रहा था। गौरव भारद्वाज ने एंटी करप्शन थाने से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। एंटी करप्शन टीम प्रभारी अनिल कुमार यादव के साथ बुधवार दोपहर छापा मारा गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने गौरव भारद्वाज की शिकायत पर यह कार्रवाई की। जानकार सूत्रों के अनुसार, एंटी करप्शन टीम मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण पर आई थी। टीम की मौजूदगी में ठेकेदार ने बुधवार को रिश्वत देने का वादा किया था। मुख्यालय पर नोटों पर चूर्ण लगाकर उनका विवरण नोट किया गया था।
धुलवाने पर गुलाबी हो गए हाथ
प्रभात को नोटों के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। मौके पर आरोपी के हाथ धुलवाए गए। नोटों पर लगे चूर्ण का रंग हाथों में लगकर गुलाबी हो गया। दृश्य रिकॉर्डिंग के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी दी गई।