भीषण गर्मी चरम पर है। इसी के साथ बिजली संकट ने लोगों की तकलीफ बढ़ा दी है। गर्मी के चलते सोमवार को महानगर के बारहद्वारी सब स्टेशन पर 10 एमवीए की केबल की ज्वाइंटिंग किट डैमेज होने से पुराने शहर के एक बड़े हिस्से की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह आपूर्ति दोपहर 12 बजे के बाद बहाल हो सकी।
सोमवार को तड़के ही बारहद्वारी बिजली घर की ज्वाइंटिंग किट डैमेज हो गई थी। इसके चलते गूलर रोड, शक्ति नगर, मित्र नगर, शिव पुरी, मसूदाबाद चौराहा, होली चौक, रघुवीर पुरी, घुड़ियाबाग, महावीर गंज, पत्थर बजार इलाके की बिजली ठप हो गई।
सराय हकीम का आंशिक हिस्सा भी बिजली बाधित होने की चपेट में रहा। दोपहर 12 बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति सही हुई। इससे सुबह के समय पानी की आपूर्ति पर भी प्रभाव पड़ा।
अभी और तल्ख होंगे गर्मी के तेवर
मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइटों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा लेकिन गर्मी में इजाफा होगा। आशंका है कि न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो, जिससे गर्मी परेशान कर सकती है। इसका प्रभाव यह हो रहा है कि दोपहर में बाजार वीरान हो रहे हैं। शाम को भी गर्म हवाओं के थपेड़े लग रहे हैं।
कई क्षेत्रों में पानी का जबरदस्त संकट
गर्मी का सितम बढ़ने के साथ महानगर में ऊपर कोट, नई बस्ती, सराय रहमान, नौरंगाबाद, डोरी नगर जैसे इलाकों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई है। नौरंगाबाद में सुरेंद्र नगर पानी की टंकी के निर्माण के चलते जटिल स्थिति है। चार दिन पहले ही वहां पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया था। पानी के संकट को देखते हुए मलखान सिंह जिला अस्पताल में एक सबमर्सिबल पंप तैयार हो गया है। दूसरे की बोरिंग इमरजेंसी के बाहर हो रही है। इसके बाद काफी हद तक अस्पताल में पानी की किल्लत समाप्त हो जाएगी।
धूप में तप गए प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे दिव्यांग
अलीगढ़। कुछ दिन पहले दिव्यांगों की सुविधा को देखते हुए उनके प्रमाण पत्र बनाए जाने के काम को मलखान नगर स्थित सीएमओ कार्यालय से मलखान सिंह जिला अस्पताल परिसर स्थिति पुराने सीएमओ कार्यालय में स्थानांतरित कर दिया था। यहां पर प्रमाण पत्र बनाने का काम हो रहा है, लेकिन यहां पर दिव्यांगों के लिए किसी भी तरह के शेड और पानी आदि की व्यवस्था नहीं है। इससे उन्हें वहां परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी में प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे दिव्यांग धूप में तपते रहे।
शट डाउन से पहले भरना होगा फार्म
अलीगढ़। विद्युत लाइन पर काम करते समय हादसे से बचने के लिए अब बिजली विभाग ने तय किया है कि शट डाउन लेने से पहले एक फार्म भरना होगा। अब तक विभागीय नियमों की अनदेखी कर शटडाउन दिए जा रहे हैं। इसके कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा उपकरणों के साथ ही विद्युत लाइन पर कार्य करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंधक एसके वर्मा ने सभी अधिशाषी अभियंताओं को लिखा है। इसमें शट डाउन देने से पहले एक फार्म भरवाया जाए और शट डाउन वापस करने के समय भी फार्म की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।