छात्रा का जिला अस्पताल में उपचार करते चिकित्सक
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गई एक छात्रा बिजली का करंट लगने से बेहोश हो गई। छात्रा के साथ मौजूद उसकी बहन और आस-पास के लोगों ने तुरंत उसे मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। इस मामले में अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के राठी नगर की रहने वाली रतन गौतम श्री वार्ष्णेय डिग्री कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई के बाद अब मास्टर्स की तैयारी कर रही हैं। रतन बृहस्पतिवार को अपनी बड़ी बहन के साथ नौरंगाबाद में एटा चुंगी रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गई थीं।
छात्रा की बड़ी बहन का आरोप है कि जब रतन एटीएम से पैसे निकाल रहीं थीं तब एटीएम बूथ में करंट आ गया, जिससे वह वहीं गिर पड़ी। उसकी आवाज सुनकर आस-पास के दुकानदार और राहगीर मदद के लिए आए और दोनों बहनों को अस्पताल ले गए। छात्रा के परिवार वालों ने बैंक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बड़ी बहन का कहना है कि नियमों के अनुसार एटीएम पर सुरक्षा गार्ड होना चाहिए, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने भी इस बात की पुष्टि की है।
जिला अस्पताल के आपातकालीन स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. रितेश सिनसिनवार ने बताया कि छात्रा को बिजली का करंट लगा था, लेकिन इलाज के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।इस मामले में सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार ने बताया कि अभी तक छात्रा या उसके परिवार की तरफ से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।