मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए किया हंगामा
टंकी पर चढ़ा युवक, अफसरों के हाथ-पांव फूले
खैर (ब्यूरो)। गांव नहरौला निवासी केके शर्मा पर बुधवार को शोले फिल्म का भूत सवार दिखाई दिया। वह गांव की वोटर लिस्ट में एक बाहरी व्यक्ति का नाम पुन: जोड़े जाने से इतना व्यथित था कि तहसील स्थित पेयजल टंकी पर चढ़ गया। वहां से नीचे कूदने की चेतावनी देते हुए अधिकारियों के बारे में तरह तरह की बयानबाजी करने लगा। बड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह तीन घंटे बाद युवक को टंकी से नीचे उतारा जा सका।
केके शर्मा का आरोप था कि उसके गांव का एक व्यक्ति मूलत: गांव सहारनपुर का निवासी है। वह गांव का पांच वर्ष प्रधान भी रह चुका है अपनी प्रधानी में उसने ना विकास कार्य कराये ना ही लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया। जिस पर ग्रामीणों ने शिकायत की तो उसका नाम फर्जी मानते हुए वोटर लिस्ट से काट दिया गया था। लेकिन उसने किसी तरह फिर से अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करा लिया। केके शर्मा बुधवार को ग्रामीणों के साथ तहसील पहुंचा था। यकायक कहां से युक्ति सूझी कि तहसील में स्थित पेयजल की टंकी पर टॉप पर चढ़ गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और तहसीलदार विश्वनाथ ने समझाने की कोशिश की परंतु नहीं माना। अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड भी मंगा ली। बाद में युवक के परिजन भी पहुंच गए। उसका एक भाई टंकी पर चढ़ा तथा किसी तरह समझा कर युवक को उतार कर नीचे लाया। एसडीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने उसकी समस्या सुनी तथा जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।