पहले चरण में 10 फरवरी को होने वाले मतदान में अब चार दिन बचे हैं। दो दिन पहले ही आठ फरवरी को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। चुनाव प्रचार में कम समय बचने से अब प्रत्याशी व उनके समर्थक अधिकाधिक संख्या में घर-घर मतदाताओं से जनसंपर्क करने में जुट गए हैं।
नौ फरवरी को धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टियों के अलावा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की रवानगी होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि 10 फरवरी को मतदान संपन्न होने के बाद देर शाम से धनीपुर मंडी में ही ईवीएम व वीवीपैट स्ट्रांग रूम में जमा करायी जाएंगी। इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने शनिवार को भी धनीपुर मंडी पहुंचकर विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहीं तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी सातों विधानसभाओं के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल, काउंटर व स्ट्रांग रूम की तैयारियों को भी परखा। डीएम ने सभी रिटर्निंग अफसरों के साथ निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया को लेकर गहन मंथन किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, एसडीएम गभाना भावना विमल समेत सभी आरओ, एआरओ मौजूद रहे।