हाथरस में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के परिजनों ने पीड़िता के पिता पर बनाया सुलह का दबाव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक युवक ने बीते रविवार को आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। जब इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वे बच्ची को लेकर मंगलवार को थाने पहुंचे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बीती 10 नवंबर को कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ले में बच्ची खेल रही थी। जहां से उसे एक युवक बहला-फुसला कर अपने साथ कमरे के अंदर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी सोनू उर्फ दिनेश ने बच्ची को धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देना। इसकी जानकारी परिजनों को मंगलवार को हुई, जब बच्ची को दर्द हुआ।
पूछे जाने पर बच्ची ने अपनी मां को सारी बात बताई। यह भी आरोप है कि सोनू के परिवार के लोग बच्ची के पिता पर सुलह करने दबाव बनाने लगे। वह किसी के दबाव में नहीं आए और बच्ची को लेकर मंगलवार की रात को कोतवाली सदर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की सुबह बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
-राम शब्द यादव, सीओ सदर।