अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला पूसा में गली में खेल रहे बच्चों के पास से एक बंदर झपटा। बंदर मुंह फैलाकर दांत दिखाते हुए बच्चों को घुड़की देने लगा। उसे देखकर आठ साल का एक मासूम बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिवार वाले उसे लेकर तत्काल एक डॉक्टर के पास पहुंचे जहां डॉक्टर ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार की सुबह अंतिम संस्कार से पहले मिली सूचना पर एसओ और सीओ बरला गांव पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामला सोमवार का है। गांव नगला पूसा निवासी रूपसिंह अपने दो बच्चों को लेकर काफी समय से थाना खैर के गांव गौमत में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
सोमवार को रूपसिंह का आठ वर्षीय पुत्र हिमांशु गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।
इसी दौरान एक बंदर बच्चों पर झपट पड़ा। उसने बच्चों को घुड़की दी जिस पर हिमांशु सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया था। हिमांशु के शव को लेकर अपने गांव नगला पूसा पहुंचे रूप सिंह मंगलवार की सुबह शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे तभी पुलिस पहुंच गई। एसओ उमश चंद्र शर्मा के अनुसार मृत बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।