एसएसपी ने शराब कांड को ध्यान में रखते हुए आठ बीट सिपाही निलंबित कर दिए हैं। उन पर आरोप है कि उनके इलाकों में शराब बिकती रही और मौत हो गई और उन्हें भनक तक नहीं लगी। वहीं, उन्होंने बीट सिपाहियों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं। इधर, इंस्पेक्टर टप्पल पीके मान के निलंबन के बाद टप्पल में समय सिंह को नया इंस्पेक्टर तैनात किया है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि मानवाधिकार सेल के प्रभारी समय सिंह को टप्पल में तैनाती दी गई है। वहीं बीट सिपाहियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। उन्हें जरूरी हिदायतें दी गई हैं। इसी क्रम में आठ को निलंबित किया गया है।
-ये जरूरी निर्देश-
-प्रमुख मार्गों के ढाबों पर न बिकने पाए शराब, न टैंकरों से हो अल्कोहल की सप्लाई।
-शराब बिक्री को लेकर बीट से लेकर हल्का प्रभारी तक रखें हर तरह का इनपुट।
-अवैध शराब के ठिकानों को चिह्नित कर पुलिस कार्रवाई शुरू की जाए।
-पुराने शराब तस्करों के खिलाफ की जाए गुंडा व गैंगेस्टर की कार्रवाई।
-शराब तस्करों के वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
-शराब दुकानों की सीओ स्तर के अधिकारियों से कराई जाए चेकिंग।
जहरीली शराब से टप्पल में भी हुई मौत
टप्पल थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा किशन निवासी संजय पुत्र गिरिराज सिंह उम्र 45 वर्ष की कैलाश हॉस्पिटल जेवर में उपचार के दौरान मौत हो, जिसका बिना पोस्टमार्टम के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दूसरी ओर भानू पुत्र नरवीर उम्र 35 वर्ष निवासी डालागढ़ी को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई व शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेजा गया है।