गांव ढांटौली में बृहस्पतिवार शाम हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी खेत में रखे धान के पुआल पर गिर गई। इससे आग लग गई और करीब आठ बीघा खेत का पुआल जलकर राख हो गया। घटना से किसान को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
गांव निवासी किसान रवेंद्र सिंह उर्फ राका ने बताया कि गांव के बाहर कुमरपुर मार्ग की ओर स्थित खेत में आठ बीघा धान का पुआल रखा था। शाम करीब 6:30 बजे अचानक हाईटेंशन लाइन से चिंगारी निकली और पुआल में आग लग गई। ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी। इस पर वह गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से फैल गईं। देखते ही देखते पूरा पुआल जलकर राख हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन उससे पहले ही पुआल जलकर राख हो चुका था और आग शांत हो गई थी।