नुमाइश मैदान में रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतलों के दहन से पूर्व सतरंगी आतिशबाजी की छटा देखते ही बनी। एक साथ आसमान पर सात रंग बिखरे नजर आए। चकरगिन्नी, फूल वाली आतिशबाजी, बड़ा अनार आदि की आतिशबाजी के अद्भुत नजारे को दर्शक अपने मोबाइल फोन में कैद करते हुए नजर आए।
डीएम-एसएसपी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
नुमाइश में हुए रावण के पुतला दहन कार्यक्रम में शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा, डॉ. राजीव अग्रवाल समेत तमाम जनप्रतिनिधि एवं डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक आदि मौजूद रहे। इस दौरान डीएम-एसएसपी ने राम, लक्ष्मण एवं सीता के स्वरूपों की आरती उतारी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने काली के स्वरूप संग तलवारबाजी में हाथ भी आजमाए। एसएसपी ने सफल आयोजन के लिए ड्यूटी में लगे सभी कर्मियों की पीठ ठोकी।
मेले में सजे खेल-कूद तमाशों एवं चाट-पकौड़े का लिया आनंद
मेले में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर के अलावा देहात क्षेत्र से बड़ी संख्या में दर्शक राम-रावण युद्ध को देखने पहुंचे। नुमाइश मैदान में सजे खेलकूद, तमाशों एवं चाट-पकौड़ी का भी लोगों ने आनंद लिया। बच्चे- खेल, खिलौने और मिठाइयों की दुकानों पर नजर आए। शाम के समय जलेबी, इमरती, समौसे आदि की भी खासी बिक्री रही।
अपार्टमेंट एवं गली-मोहल्लों में भी हुए आयोजन
शहर के तमाम अपार्टमेंट, कॉलोनियों, गली, मुहल्लों में विजयदशमी पर्व मनाया गया। बच्चों ने रावण के पुतलों का दहन किया। नौरंगाबाद स्थित टीकाराम कॉलोनी में रावण के पुतले का दहन किया गया।भमोला में पथवारी राधाकृष्ण जनकल्याण समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला महोत्सव में रावण के पुतले का दहन किया गया।आयोजन में विक्रम सिंह, केपी सिंह, सनी सारस्वत, बाबा डाल चंद्र, विक्की सारस्वत, राजवीर सिंह, इंजी. नरेश राजपूत, डॉ. विवेक लोधी आदि का सहयोग रहा।
रामजी के डोले का हुआ भव्य स्वागत
विजयादशमी के उपलक्ष्य में भगवान श्री राम अपनी सेना के साथ जब दशानन को मारने के लिए निकले तो सभी नगर वासियों ने भगवान श्रीराम का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। अचल ताल स्थित बजरंग मार्केट में राजारम मित्र, अटल कुमार, नितिन कुमार, रतन कुमार वार्ष्णेय, विपिन राजा आदि ने स्वागत किया। गांव कलूपुरा इमलौठ में विजयदशमी पर काली शोभायात्रा के साथ रावण के पुतले का दहन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि मोहित लोधी महानगर अध्यक्ष हिंदू रक्षा दल थे।