महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के डोरी नगर में संचालित एक जनसेवा केंद्र की आड़ में रेल ई-टिकट बनाने के अवैध कारोबार को शुक्रवार को आरपीएफ ने भंडाफोड़ किया। आरोपी के पास से ई-टिकट बनाने में इस्तेमाल की जा रहीं तीन पर्सनल आईडी सहित विद्युत यंत्र बरामद हुए हैं। आरपीएफ ने शुक्रवार देर शाम को उसे सुसंगत धाराओं मेें पाबंद कर रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर व क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार कौशिक ने बताया कि आरोपी राजबहादुर पुत्र पूर्ण सिंह श्रीनिवास निवासी 1/477 अंबेडकर कॉलोनी, छावनी गांधी पार्क पहले आईआरसीटीसी का अधिकृत एजेंट था। दो साल से वह डोरी नगर में जन सेवा केंद्र की आड़ में पर्सनल आईडी से ई-टिकट बनाने का काम कर रहा था। इसकी एवज में वह यात्रियों से मोटी रकम वसूलता था। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को उसकी दुकान पर छापा मारा। मौके से उसके पास 3 पर्सनलयूजर आईडी, भविष्य की यात्रियों की कई ई-टिकट बरामद हुई हैं। आरोपी ने अब तक कितनी ई-टिकट जारी की हैं, इसका ब्योरा हेडक्वार्टर को आईडी भेजकर मांगा गया है। उसके पास से एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, एक मोबाइल जब्त किया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया गया है। विवेचना एसआई राम भरोसी मीना को सौंपी गई है।