क्षेत्र के गांव नानऊ में एक व्यक्ति के घर पर रहा ई-रिक्शा चालक रविवार दोपहर उनके दो साल के बेटे को लेकर फरार हो गया। घटना का कारण मजदूरी के दौरान बच्चे की मां से कहासुनी होना बताया है। पुलिस आरोपी और बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
गांव नानऊ निवासी लक्ष्मी ने बताया है कि थाना सिकंदराराऊ के गांव गोकुलपुर निवासी एक व्यक्ति पीछले करीब आठ माह से उनके घर रहकर ई-रिक्शा चलाता था। काम कम निकलने पर वह उनके साथ मजदूरी भी कर लेता था। लक्ष्मी का पुलिस को दी तहरीर में आरोप है कि रविवार को वह व्यक्ति पिलखना में पति रिंकू और उसके साथ मजदूरी कर रहा था, जहां किसी बात को लेकर लक्ष्मी से उसकी कुछ कहासुनी हो गई। इसी बात पर आरोपी वहां से नानऊ पहुंचा और घर के बाहर खेल रहे लक्ष्मी के दो वर्षीय बेटे कान्हा को उठाकर कहीं ले गया है। आरोपी द्वारा बच्चे को उठाकर ले जाने की जानकारी पर परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।