सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने अपने गृह नगर अतरौली की ख्याति नकल के गढ़ के रूप में होने पर चिंता जताते हुए साफ-साफ कह दिया कि भाजपा का शासन यूपी में आ गया है। अब अतरौली के इस बदनुमा दाग को मिटाया जाएगा। वह सोमवार को यहां अपने लोगों के बीच होली खेलने पहुंचे, तब उन्होंने होली मिलन समारोह में यह बात कही। उन्होंने साफ कहा कि अतरौली के नकल माफिया पर अंकुश लगाया जाएगा। इस मौके पर एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैय्या व निर्वाचित विधायक संदीप सिंह भी मौजूद रहे। लोगों ने तीनों का स्वागत करते हुए गुलाल लगाकर होली खेली।
यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को होली की शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया। कल्याण सिंह ने कहा कि मेरे नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार ने नकल अध्यादेश जारी किया था। आज अतरौली में नकल का बोलबाला है। अन्य सरकारों ने नकल को बढ़ावा भी दिया। उन्हें उम्मीद है कि नकल की इस माफियागिरी पर भाजपा सरकार अंकुश लगाएगी। नकल का कलंक अतरौली क्षेत्र झेल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अब गुंडों की खैर नहीं वह या तो सलाखों के पीछे होंगे या प्रदेश से बाहर। वहीं भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ सबका विकास के मुद्दे पर काम करेगी।
नव निर्वाचित विधायक संदीप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में राशन डीलरों से उगाही किसी से छिपी नहीं है। राशन यदि गरीबों को नहीं मिला तो डीलरों पर तुरंत कार्रवाई कराई जाएगी। वह क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के सड़क, बिजली, पानी की समस्या को दूर करने का प्रयास करेंगे। जनता को न्याय, गरीबों को उनका हक मिले, ऐसी व्यवस्था बनाएंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष चौ. देवराज सिंह, छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह, चौ. सतवीर सिंह, नवाब सिंह, जेपी राजपूत, सचिन जैन, उदयपाल लोधी, गोपाल माहेश्वरी, नरेंद्र वार्ष्णेय, अरविंद राठी, संतोष गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र लोधी, गेंदालाल लोधी, दानसहाय अंकल, रवेंद्रपाल चेयरमैन, चुनमुन शर्मा, नरेंद्र वार्ष्णेय, सुरेंद्र वार्ष्णेय, देवकुमार जैन, धीरेंद्र लोधी, ओमप्रकाश, कृष्णमोहन वार्ष्णेय, ठा. केदार सिंह, अभयदीप, राष्ट्रसौरभ, राहुल राजपूत, तिलक राजपूत आदि थे।