गोंडा-खैर मार्ग पर गांव नयाबास स्थित हाथरस ब्रांच नहर पुल से नहर की पटरी की ओर मुड़ते ही बीच सड़क में खड़े विशालकाय सूखे पेड़ से वाहन चालकों को समस्या हो रही है। लोगों का कहना है कि पेड़ के बीच सड़क पर हाेने से कार आदि को मोड़ने में दिक्कत आ रही है। इसकी वजह से हादसा भी हो सकता है।
हाथरस ब्रांच नहर की पटरी का करीब तीन वर्ष पहले डामरीकरण हुआ था। नहर पटरी से होकर गांव तलेसरा, भोरे की नगरिया, अहरुआ, किनमासा, शेखूपुर, हृदय नगरिया, छोटी बल्लम, नगला बिरखू आदि गांव गोंडा-खैर मार्ग से जुड़ते हैं। यह पटरी मार्ग खैर-टैंटीगांव रोड को भी जोड़ता है, जिसकी वजह से आस-पास गांवों के अलावा चार पहिया वाहन भी इसी रास्ते से होकर निकलते हैं।
गांव नयावास में नहर पुल से जैसे ही इस पटरी मार्ग पर मुड़ते हैं, सड़क पर शीशम का विशालकाय सूखा पेड़ खड़ा है। उसका तना काफी मोटा है। बीच सड़क पर होने से कार आदि को मोड़ने में परेशानी होती है। आसपास गांव के लोगों ने वन विभाग के कर्मियों से मौखिक रूप से सूखे पेड़ को कटवाने की बात कही लेकिन विभागीय कर्मियों ने ग्रामीणों को रोक दिया।
-पटरी मोड़ पर बीच सड़क पर सूखा पेड़ खड़ा होने से अनजान वाहन सवारों की जान का जोखिम बना रहता है। पेड़ सूखा है, उसे कटवा दिया जाना चाहिए। -पुष्पेंद्र चौधरी, निवासी नयावास
-विभागीय जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाना चाहते। अगर इस सूखे पेड़ की वजह से कोई हादसा हुआ तो किसकी जवाबदेही होगी।-राकेश प्रधान, अध्यक्ष लगसमा सुधारक समिति