हत्यारोपी बंदी की सुरक्षा में तैनात नशे में धुत पुलिस लाइन के सिपाही सतेंद्र यादव की सरकारी रायफल मय मैग्जीन शुक्रवार रात चोरी हो गई। सिपाही नशे में इस कदर धुत था कि उसे खुद नहीं पता रायफल कहां रख छोड़ी है। तड़के तीन बजे सिपाही ने खुद कंट्रोल रूम को रायफल चोरी की सूचना देकर पुलिस के हाथ-पांव फुला दिए। एसओ बन्नादेवी-देहली गेट आदि जिला अस्पताल पहुंच गए। घंटों तक सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ के साथ-साथ रायफल की तलाश चलती रही। मगर सुराग नहीं लगा। देर शाम सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया। आरआई राममोहन शर्मा की ओर से थाना बन्नादेवी में सिपाही के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हरदुआगंज के तालानगरी में 20 मार्च को हुई रवि निवासी कोंडरा की हत्या में सरिया मिल मालिक देवेंद्र सिंह मौके पर ही पकड़ा गया था। उसके पैर में गोली लगी थी। उपचार के बाद पुलिस ने देवेन्द्र को जेल भेज दिया था। मगर ऑपरेशन के लिए सात मई को जेल से उसे जिला अस्पताल भेजा गया और उसे वार्ड नंबर 5 में भरती करा दिया गया। जहां उसकी निगरानी में दो सिपाही शिफ्टवार पुलिस लाइन से तैनात किए जा रहे थे। शुक्रवार रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक के लिए सिपाही धंन्जय कुमार व शिकोहाबाद निवासी सतेंद्र यादव की ड्यूटी थी। धंन्जय तो नियत समय पर पहुंच गया। मगर साढ़े नौ बजे तक सतेंद्र के न आने पर उसकी सूचना धंन्जय ने पुलिस लाइन को दे दी। इस सूचना पर दूसरा सिपाही लाइन से भेज दिया गया। सतेंद्र के खिलाफ रपट लिखवा दी गई। धंन्जय ने बताया कि सतेन्द्र रात करीब साढ़े ग्यारह बजे नशे में धुत होकर थाना देहली गेट में तैनात सिपाही प्रेमवीर के साथ पहुंचा था। उस समय सतेन्द्र की रायफल प्रेमवीर के कंधे पर थी। अधिक नशे में होने की वजह से धंन्जय ने उसे ड्यूटी पर लेने के बजाय वापस लौटा दिया। जिसके बाद सतेन्द्र और प्रेमवीर वहां से चले गए थे। फिर जिला अस्पताल के गेट पर खड़े होकर रात 2.50 बजे सतेंद्र ने कंट्रोल रूम को खुद की सरकारी रायफल मय मैग्जीन पांच कारतूस चोरी होने की खबर दे दी। इस खबर पर आनन-फानन पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी।
जन्मदिन पार्टी में पी शराब नहीं पता कहां गया
एसओ बन्नादेवी विनोद यादव ने बताया कि आरोपी सिपाही सतेंद्र यादव ने पूछताछ में बताया है कि वह अपनी रायफल और बाइक लेकर जिला अस्पताल से रात को चल दिया था। इसके बाद सिपाही को याद ही नहीं है कि वहां कहां गया, कहां गिरा। सिपाही ने कभी मसूदाबाद तो कभी सुरक्षा बिहार में रायफल चोरी होना बताया। जांच में यह भी पता चला है कि देहली गेट में तैनात सिपाही के जलालपुर स्थित घर पर बच्चे की जन्मदिन पार्टी में सतेंद्र गया था। वहां से शराब पीकर आया। उसके बताए हर ठिकाने पर जाकर तलाश की गई है। मगर अभी रायफल नहीं मिली है। सिपाही थाने में ही बैठा है। उसके खिलाफ मुकदमे आदि की कार्रवाई प्रस्तावित है।