अतरौली में महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश के आरोपों में घिरे सपा अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम समेत तीन आरोपियों के घरों की पुलिस ने कुर्की कर ली। कुर्की के लिए पुलिस के पहुंचने की सूचना पर दो आरोपी कोतवाली पहुंच गए। इस पर इनके घरों की कुर्की नहीं की गई। अन्य तीनों के घरों के सामान के साथ दरवाजे तक पुलिस उखाड़ ले गई। कुर्की के समय पालीमुकीमपुर थाने की फोर्स भी मौजूद रही। तीन घंटे चले इस घटना क्रम के दौरान लोगों की मौके पर भीड़ जमा रही।
कोतवाली प्रभारी एके शर्मा ने बताया कि करीब एक साल पहले कस्बे की ही एक महिला ने आरोप लगाया था कि मजार पर जाते समय कस्बे के पांच युवकों ने उसे पकड़ लिया और जबरन करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। कोर्ट के आदेश पर नगर पालिका बोर्ड के सभासद और सपा नेता मुकर्रम, सपा अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम, उवैस, राशिद और असलम निवासीगण पक्कीगढ़ी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के भरसक प्रयास किए, मगर यह बचते रहे। दो माह पूर्व कोर्ट ने इनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की उद्घोषणा जारी कर दी। इनके घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा भी किए गए। फिर भी आरोपी न तो कोर्ट में हाजिर हुए और न ही गिरफ्तारी हो सकी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर हाफिज अब्दुल सलाम, राशिद और उवैस के घरों की कुर्की कर ली। साथ ही मुकर्रम और असलम के हाजिर होने पर इनके घरों की कुर्की नहीं की। वहीं उवैस भी कुर्की के एक घंटे बाद कोतवाली पहुंच गया तो पुलिस ने उसका सामान ज्यों का त्यों वापस कर दिया।