हत्या होने पर जिला अस्पताल में विलाप करते परिजन
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र बरौला इलाके में नशे में 50 रुपये के विवाद में 25 वर्षीय राजेश की जांघ में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 27 अगस्त देर शाम हुई घटना की खबर पर आनन फानन घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। मगर अत्यधिक खून बहने से युवक को मृत घोषित कर दिया गया। देर रात सीसीटीवी की मदद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
कांशीराम आवासीय कालोनी में रहने वाला राजेश मोची का काम करता था। एसएचओ बन्नादेवी एसपी सिंह के अनुसार राजेश को लोगों ने बरौला के पास नगर निगम की खाली दुकानों के सहारे घायल अवस्था में देखा। इस सूचना पर आनन फानन उसे पहले निजी अस्पताल व बाद में जिला अस्पताल लाया गया। जहां मृत घोषित कर दिया। उसके जांघ में चाकू या किसी अन्य नुकीली वस्तु के प्रहार से चोट पहुंचाई गई थी। जिससे चिकित्सकों ने अत्यधिक खून बहने से मृत्यु होना माना है।
एसएचओ ने बताया कि अब तक की जांच, आसपास के लोगों से बातचीत व सीसीटीवी देखने से उजागर हुआ है कि राजेश किसी युवक संग शराब पी रहा था। वहां उनमें फिर से शराब लाने को लेकर 50 रुपये के लिए विवाद हुआ। इसी विवाद में आरोपी ने जांघ में चाकू मार दिया। इसके बाद वह भाग गया। इधर, इस सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे राजेश के पिता राजू ने बातचीत में बताया कि उसकी पत्नी बीमार चल रही है। शाम को राजेश अपनी मां को दवा दिलाने लेकर गया था। वहां से वापस आने पर मां को घर छोडक़र यह कहकर चला गया कि खाना लेने जा रहा है। इसके बाद वापस नहीं आया।
देर शाम पुलिस के जरिये उसकी हत्या की जानकारी मिली। यहां पहुंचे परिजनों ने इस बात पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया कि उनके आने से पहले पुलिस ने शव मोरचरी में रखवा दिया। बाद में पुलिस ने उन्हें शांत किया। देर रात पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ द्वितीय कमलेश कुमार के अनुसार आरोपी को चिह्नित कर लिया गया है।