आरटीओ कार्यालय में लर्निंग लाइसेंस की दर 350 रुपये और स्थायी लाइसेंस की दर 1000 रुपये निर्धारित है। दलाल लर्निंग के लिए 1000 और स्थायी के लिए पांच हजार रुपये वसूल रहे हैं। क्वार्सी की रहने वाली पूजा सिंह के साथ यही हुआ। कुछ दिन पहले वह अपना लाइसेंस बनवाने के लिए आरटीओ कार्यालय पहुंचीं। वहां बताया गया कि ऑनलाइन आवेदन कर दें। मौके पर मौजूद एक दलाल ने उन्हें झांसे में ले लिया और छह हजार रुपये वसूल किए।
केस-2-ऑनलाइन आवेदन के बाद भी नहीं बना था लाइसेंस
रामघाट रोड की रहने वाली माधुरी बघेल ने भी लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया, लेकिन विभागीय जटिलताओं के चलते प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। इधर-उधर भटकने के बाद यहां सारसौल पर एक एजेंट से संपर्क किया, जिसके बाद छह हजार रुपये देकर लाइसेंस बनवाया।