अलीगढ़ में चलती बस में चालक की दिल के दौरा पड़ने से मौत हो गई। बस में सफर कर रहे सैनिक ने 50 यात्रियों की जान बचाई। मथुरा से मुरादाबाद जा रही बस में इगलास के नगला फौंदा के पास यह घटना हुई।
मथुरा से मुरादाबाद जा रही रोडवेज बस में चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ गया और उनकी मौत हो गई। वह स्टीयरिंग पर गिर पड़े, बस अनियंत्रित हो गई। चालक के बगलवाली सीट पर बैठे सैन्यकर्मी ने तुरंत स्टीयरिंग संभाल लिया और सामने से आ रहे वाहनों को बचाने की कोशिश की।
विज्ञापन
इस दौरान बस सड़क किनारे खड़े खंभे और चबूतरे से टकराकर रुक गई। सैन्यकर्मी ने सूझबूझ से बस में सवार 50 यात्रियों को जान बचा ली। मरने वाले बस चालक गणेश कुमार (45) रामपुर, अडींग मथुरा के रहने वाले थे। हादसा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अलीगढ़ में अलीगढ़ मार्ग पर गांव नगला फौंदा के पास हुआ।
मथुरा डिपो की इस बस के परिचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि अचानक चालक ने बेचैनी महसूस की और उनकी तबीयत बिगड़ गई, वह अचेत हो गए। उन्होंने बताया कि उस समय बस में 50 यात्री सवार थे।
विज्ञापन
बस में सवार बंटी कुमार निवासी अकबरपुर (बुलंदशहर) ने बताया कि उस समय सामने से एक बुग्गी आ रही थी और अन्य वाहन भी आ रहे थे। सैन्यकर्मी ने खड़े-खड़े बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी होने पर एआरएम मनमोहन शर्मा, गोरई थाना पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अलीगढ़ भेज दिया। यात्रियों को मथुरा की ओर से आ रही अन्य बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
अपना कर्म कर निकल गया कर्मयोगी
यात्रियों ने बताया है कि सैन्यकर्मी ने बताया था कि वह सैन्य वाहनों का चलाते हैं। उन्होंने ब्रेक लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन चालक के सीट पर अचेत अवस्था में होने के कारण उनके पैर ब्रेक पैडल तक नहीं पहुंच पाए। उनकी सतर्कता के कारण यात्रियों की जान बच गई, अन्यथा बस अनियंत्रित होकर पलट सकती थी या सामने से आ रहे वाहनों से टकरा जाती। उन्होंने अपना कर्म किया और बिना किसी को अपना नाम पता बताए दूसरी बस में बैठकर चले गए।
चालक की जान बचाने की भी कोशिश
बस रुकने के बाद सैन्यकर्मी, यात्रियों और ग्रामीणों ने चालक को बस से उतार लिया और सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की। इसके बाद एक ग्रामीण की बाइक से उन्हें मंगलायतन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की संभावना जताई है।
चालक को बस चलाते समय हार्ट अटैक आया है, अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक यात्री ने सूझबूझ दिखाई और बस को सुरक्षित रोका। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।- पारितोष मिश्रा, एसडीएम, इगलास।