फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़: होम्योपैथिक डॉक्टर अगवा, 20 लाख की मांगी फिरौती, क्लीनिक जाने के लिए घर से निकले थे पैदल

Fri, 29 Jan 2021 05:19 PM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, अलीगढ़
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
क्वार्सी क्षेत्र से बृहस्पतिवार सुबह घने कोहरे के बीच होम्योपैथिक डॉक्टर के अपहरण का प्रकरण सामने आया है। कार सवारों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब डॉक्टर घर से पैदल देहात क्षेत्र में अपने क्लीनिक जाने के लिए निकले थे। इसके चंद घंटे बाद ही परिवार से 20 लाख रुपये की फिरौती फोन कॉल से मांगी गई। इसके बाद से हरकत में आई पुलिस डॉक्टर की तलाश में जुट गई है। मगर, पूरी घटना को परिवार ने मीडिया के सामने सिरे से नकार दिया है।
विज्ञापन


क्वार्सी क्षेत्र में रामघाट रोड इलाके में रहने वाले होम्योपैथिक डॉक्टर का जिले के देहात क्षेत्र में क्लीनिक है। वह हर दिन पास की कालोनी में रहने वाले पैथोलॉजी लैब संचालक के साथ उनकी कार में सवार होकर अपने क्लीनिक जाते हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह पैदल पैथोलॉजी संचालक के घर जाने के लिए करीब 9:45 बजे निकले। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसके बाद वे वहां तो नहीं पहुंचे, मगर 10:45 बजे उनके खुद के मोबाइल से पत्नी के नंबर पर एक कॉल पहुंची और डॉक्टर का अपहरण होने व फिरौती के लिए 20 लाख रुपये देने की बात कही गई।

इस पर परिवार की सूचना पर तत्काल एसपी सिटी, एसपी क्राइम के अलावा क्वार्सी इंस्पेक्टर, एसओजी व सर्विलांस टीम मौके पर पहुंच गईं। वहां देखा गया कि घर से निकलने के बाद रास्ते में पेड़ों के झुंड के आसपास से डॉक्टर गायब हुए हैं। इलाके में सीसीटीवी देखे गए तो एक कार संदिग्ध नजर आई। हालांकि पूरे मामले में देर रात तक पुलिस व परिवार गोपनीयता बरते हुए है। परिवार से जब बात करने की कोशिश की गई तो साफ कह दिया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। डॉक्टर कहीं गए हैं।
विज्ञापन


डॉक्टर का मोबाइल बंद, नहीं आई दूसरी कॉल
फिरौती मांगने वालों ने पत्नी से कहा था कि वे शाम को दूसरी कॉल करेंगे। तब तक रुपयों का इंतजाम कर लो। पहली कॉल के आधार पर पुलिस को जब कोई सफलता हाथ नहीं लगी तो पुलिस को उम्मीद थी कि दूसरी कॉल से मदद मिलेगी। मगर देर रात तक दूसरी कॉल अपहरण करने वालों ने नहीं की है। वहीं डॉक्टर का मोबाइल पहली कॉल के बाद से बंद है।

-क्वार्सी क्षेत्र से एक डॉक्टर के गायब होने पर और 20 लाख रुपये फिरौती की कॉल आने पर परिवार ने अपहरण की बात कही है। अभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस टीमें डॉक्टर को बरामद करने में लगी हैं। जब तक कुछ साफ नहीं हो जाता, तब तक इससे ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। -मुनिराज जी एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें