अकराबाद कांड में दुष्कर्म की कोशिश के दौरान बालिका की हत्या के आरोपी की उम्र का निर्धारण फिलहाल टल गया है। किशोर न्याय बोर्ड ने तय किया है कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद खुद न्यायालय स्तर से आरोपी की उम्र का निर्धारण कराया जाएगा। सोमवार को न्याय बोर्ड की सहमति पर पुलिस ने आरोपी का डीएनए सैंपल संकलित किया, जिसे मौके से मिले साक्ष्यों से मिलान के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
अकराबाद में खेत पर चारा लेने गई किशोरी की दुष्कर्म की कोशिश में गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पड़ोसी गांव के 17 साल एक माह के आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेशी के बाद आगरा बाल सुधार गृह भेजा गया। साथ ही मुकदमे में विवेचक सीओ बरला सुमन कनौजिया के स्तर से आरोपी की उम्र का निर्धारण कराने के लिए किशोर न्याय बोर्ड में अनुमति आवेदन किया गया था, जिस पर सुनवाई के लिए सोमवार की तारीख नियत थी।
सीओ बरला सुमन कनौजिया के अनुसार न्याय बोर्ड ने कहा है कि पुलिस अपने स्तर से चार्जशीट दाखिल करे। उसके बाद न्यायालय स्तर से जरूरत के अनुसार आरोपी की उम्र का निर्धारण कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस के अनुरोध पर आरोपी का डीएनए सैंपल संकलित करने की अनुमति न्यायालय ने दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी का डीएनए सैंपल संकलित कर लिया है। सीओ ने बताया कि मौके पर मिले साक्ष्यों और आरोपी के डीएनए सैंपल को मिलान के लिए विधि विज्ञान प्रयोशाला भेजा जाएगा। ताकि मुकदमे में आरोपी के खिलाफ यह मजबूत साक्ष्य बन सके।