डीएम आवास में मिला डेंगू मच्छर का लार्वा
- फोटो : Dig vishal
चिकुनगुनिया, मलेरिया डेंगू आदि के लार्वा मिलने का सिलसिला जारी है। यह तो गनीमत के है कि डेंगू से पीड़ित कोई गंभीर मामला सामने नहीं आ रहा है। शनिवार को जिला मलेरिया विभाग की टीम को जिलाधिकारी राजमणि यादव के आवास परिसर में स्थित नलकूप पर डेंगू का लार्वा मिला।
उसे तत्काल नष्ट करवाया गया और लार्वा रोधी दवा का छिड़काव किया। इसके अलावा मलेरिया विभाग की टीमों को निरीक्षण में शहर में चार अन्य स्थानों पर भी डेंगू का लार्वा मिला। शनिवार को जिला मलेरिया विभाग की टीम ने जिला अस्पताल, कलक्ट्रेट, सीएमओ आफिस में छिड़काव किया।
शहर में 42 फ्रिज और 40 कूलरों को चेक किया। 52 अन्य बर्तनों को भी चेक किया। चार स्थानों पर लार्वा पाया गाया जिसे नष्ट करवा दिया गया है। डेंगू को लेकर सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति मलखान सिंह जिला अस्पताल में पायी गई है। यहां पर सफाई और हाईजीन को लेकर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. मंजू मलिक ने बताया कि शुक्रवार को जिला अस्पताल में पहुंच कर हाल देखा था। स्थिति बेहद चिंताजनक है। मरीजों ने शिकायत की थी। कुछ दिन बाद वह फिर से जिला अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखेंगी।