एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के साथ।
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व विवादित छात्र नेता फैजुल हसन के साथ मंच साझा करने पर जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है।
भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी डॉ. निशित शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि नुमाइश में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने फूड कोर्ट का उद्घाटन किया था। मंच पर मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा एवं एसीएम, द्वितीय रंजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इन्हीं के साथ एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन भी उपस्थित थे। डॉ. निशित शर्मा का आरोप है कि फैजुल हसन ने देश को बर्बाद करने की धमकी दी थी। गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके हैं। नागरिका संशोधन कानून की आड़ में हिंसा फैलाने का आरोप भी फैजुल हसन पर है।
डॉ. निशित शर्मा भाई की तरह हैं। मैं न तो देशद्रोही हूं और न देश के विरुद्ध काम करना चाहता हूं। अगर उनके मन में गलतफहमी है तो साथ बैठकर दूर की जा सकती है। अगर किसी भी मामले में मैं गलत हूं तो प्रशासन जब चाहे कार्रवाई कर सकता हैं। मैं छिपकर या भागकर नहीं रहता हूं।
फैजुल हसन, पूर्व अध्यक्ष, एएमयू छात्रसंघ
प्रशासन ने फूड कोर्ट स्वयं अपने अधीन कर रखा है। एएमयू के पूर्व छात्र सुहैल मुसर्रत एवं तालीम को आर्गनाइजर बनाया गया है। फैजुल हसन का फूड कोर्ट से कोई लेना-देना नहीं है। एएमयू के पूर्व छात्र के नाते कार्यक्रम में फैजुल हसन भी आए थे। फैजुल हसन ने पूर्व में जो बयान दिया था, उस मामले में मुकदमा भी दर्ज हुआ है।
- रंजीत सिंह, एसीएम द्वितीय