कस्बे में अलीगढ़-पलवल मार्ग स्थित सीएनजी पंप के सामने शनिवार सुबह करीब 11 बजे कांवड़ियों और गैस टैंकर चालक के बीच निकलने पर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर मामले को दो समुदायों से जोड़ते हुए वायरल कर दिया, हालांकि इसे पुलिस ने निराधार बताया है।
क्षेत्राधिकारी अभिषेक पटेल ने बताया कि मथुरा के बाजना क्षेत्र के कांवड़िये ट्रैक्टर आदि वाहनों से कांवड़ लेकर खैर कस्बे से गुजर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे रास्ते से निकलने पर टैंकर चालक से उनका विवाद हो गया। मौके पर हाथापाई और हंगामा देख भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और कांवड़ियों को आगे रवाना कर दिया। लैपर्ड टीम ने उन्हें मथुरा सीमा तक सुरक्षित पहुंचाया। मौके पर किसी समुदाय विशेष के युवक से विवाद की पुष्टि नहीं हुई। होटल व्यापारी राहुल शर्मा ने भी सीसीटीवी में आपसी विवाद होने की बात कही। पुलिस ने भ्रामक वीडियो वायरल न करने की अपील की है।