अभी तक यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, पुलिस, रेलवे और शिक्षक भर्ती जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को शहर जाना पड़ता था। वहां कमरे, किताबों और कोचिंग पर हजारों रुपये खर्च होते थे। अब डिजिटल लाइब्रेरी से गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों को भी बराबर मौका मिलेगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अलीगढ़ जिले के 12 ब्लॉकों की 204 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाए जाने का काम शुरू हो गया है। अभी तक इन ग्राम पंचायतों की लाइब्रेरी में मैन्युअल किताबें रखी गई हैं। सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर इन सभी लाइब्रेरी को डिजिटल करने का फैसला लिया है।
विज्ञापन
अनटाइड और राज्य वित्त आयोग के फंड से इन लाइब्रेरी के लिए काम किया जा रहा है। पहले चरण में चार ब्लॉकों में कंप्यूटर, फर्नीचर और इंटरनेट की व्यवस्था कर दी गई है। इसके बाद लाइब्रेरियन की व्यवस्था पर भी काम किया जाएगा। डिजिटल लाइब्रेरी में दो कंप्यूटर, एक वेबकैम और एक एलईडी टीवी के साथ फर्नीचर और बेहतर सीटिंग प्लान की सुविधा होगी। इंटरनेट की सुविधा से युवा ऑनलाइन पढ़ाई, मॉक टेस्ट और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ले सकेंगे। जिन पंचायतों में पहले से पंचायत भवन में लाइब्रेरी चल रही है, वहां उसी को अपग्रेड किया जाएगा।
गांव में ही कर सकेंगे पढ़ाई
अभी तक यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, पुलिस, रेलवे और शिक्षक भर्ती जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को शहर जाना पड़ता था। वहां कमरे, किताबों और कोचिंग पर हजारों रुपये खर्च होते थे। अब डिजिटल लाइब्रेरी से गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों को भी बराबर मौका मिलेगा। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट, ई-बुक्स, करंट अफेयर्स और समाचार पत्रों की सुविधा भी होगी।
विज्ञापन
जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र कुमार ने बताया कि शासन के आदेश पर जिले की सभी लाइब्रेरी को डिजिटल लाइब्रेरी में तब्दील करने का काम शुरू हो गया है। अब तक ब्लॉकों की लाइब्रेरी में आधुनिक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। जल्द ही बाकी ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में स्थित लाइब्रेरी का आधुनिकीकरण किया जाएगा।