अलीगढ़। एएमयू छात्र आलमगीर हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हजारों छात्रों का आंदोलन बेहद उग्र हो गया है। सोमवार को पूर्व घोषणा के अनुसार छात्रों का हुजूम दोपहर बारह बजे मौलाना आजाद लाइब्रेरी पर एकत्र हुआ। वहां से बाब-ए-सैयद से होते हुए वापस वीसी लॉज के पास पहुंचा। पूरे रास्ते में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव मुर्दाबाद.., सीएम अखिलेश यादव मुर्दाबाद.., पीएम नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद..., आरएसएस मुर्दाबाद.. के नारे बुलंद होते रहे। इस बीच छात्रों के एक गुट ने मुलायम सिंह यादव का पुतला बना कर उसे पेड़ से लटका कर फांसी दे दी। कुछ देर के लिए पुतले को वीसी की कार के सामने भी पेड़ से बांधा गया। जबरदस्त नारेबाजी कर रहे छात्रों को समझाने के लिए प्रॉक्टर टीम का कोई अधिकारी दहशत में सामने तक नहीं आया। काफी देर तक प्रदर्शन के बाद खुद वीसी को छात्रों को समझाना पड़ा, लेकिन उनके समझाने के बाद भी आंदोलन अब तक टस से मस नहीं हुआ है। उग्र छात्रों को शांत कराने पहुंचे एएमयू वीसी जमीरउद्दीन शाह ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर सीबीआई जांच कराने की पेशकश की है, बस सीएम की सहमति का इंतजार है। इसीलिए सर सैयद डे पर सीएम को मुख्य अतिथि के रूप में न्यौता दिया जा रहा है, ताकि एएमयू की कुछ ज्वलंत समस्याओं का अविलंब समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जामिया मिलिया उर्दू नई दिल्ली को एएमयू से ज्यादा ग्रांट दी है, जिससे आर्थिक रूप से एएमयू पिछड़ा है और कई काम रुक कर गए हैं।
इसीलिए केंद्र सरकार के किसी भी प्रतिनिधि को सर सैयद डे पर नहीं बुलाया गया है। प्रशासनिक स्तर से आलमगीर के मामले में अब तक हुई कार्रवाई का ब्यौरा जानने के लिए वह खुद डीएम डा. बलकार सिंह और एसएसपी जे रविंद्र गौड़ से बात कर रहे हैं। आलमगीर की हत्या की सीबीआई जांच जल्द से जल्द शुरू हो। वीसी के इस आश्वासन के बाद भी छात्राें का धरना प्रदर्शन वीसी लॉज के सामने ही जारी है।