भाजपा विधायक संगीत सोम की गिरफ्तारी तथा दादरी कांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर एएमयू छात्रों ने कैंपस में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्हाेंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री तक भेजा।
सर सैयद माइनोरिटी फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष परवेज सिद्दीकी के नेतृत्व में छात्रों ने मौलाना आजाद लाइब्रेरी से बाब-ए-सैयद तक मार्च निकाला। इसमें शामिल छात्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव एवं आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। छात्र भाजपा विधायक संगीत सोम पर मुजफ्फरनगर दंगा में शामिल होने तथा मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
छात्र दादरी कांड, मैनपुरी की घटना के आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने तथा सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही जस्टिस सहाय कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन करने वालों में सैफ अली खान, आसिफ सलाम, सलमान, रेहान, शमशुल रहमान एवं शादिक आदि शामिल थे।