डीआईजी दीपक कुमार ने बुधवार को जिले की अपराध समीक्षा बैठक में थानेदारों को व्यवहार में सुधार के लिए कहा। उन्होंने बैठक में कहा कि जब तक आप अपने सहयोगियों और पब्लिक के लोगों से बेहतर व्यवहार नहीं करोगे, तब तक न तो कोई आपकी मदद को आगे आएगा और न आपका मित्र बनेगा। इसलिए बेहतर पुलिसिंग के लिए बेहतर व्यवहार बेहद जरूरी है।
पुलिस लाइन में आयोजित इस बैठक में उन्होंने क्रमवार जिले के बड़े अपराधों की समीक्षा की। इस दौरान शराब कांड पर तेजी से हुई पुलिस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि आगे भी पुलिस इसी तरह से काम करती रहे। इस दौरान उनका सबसे अधिक फोकस व्यवहार में सुधार को लेकर रहा। उनका साफ कहना था कि जब तक बेहतर व्यवहार नहीं होगा। तब तक बेहतर पुलिस मित्र नहीं मिलेंगे और न स्टाफ से बेहतर सामंजस्य बनेगा। इस मौके पर एसएसपी कलानिधि नैथानी सहित अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।