अलीगढ़ के गांधीपार्क, मसूदाबाद, सारसौल सेटेलाइट बस स्टैंड पर कानुपर, एटा, आगरा, मथुरा मार्ग पर यात्रियों की सर्वाधिक भीड़ रही। इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या के सापेक्ष रोडवेज बसों की बड़ी कमी रही।
होली मनाने के बाद वापस लौट रहे लोगों की भीड़ शनिवार को बसों एवं ट्रेनों में देखने को मिली। इस दौरान सीट को लेकर खूब मारामारी देखने को मिली। वाहनों की कमी के चलते सैकड़ों यात्रियों को घंटों भटकना पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें बसों और ट्रकों की छतों पर बैठकर यात्रा करनी पड़ रही है। रोडवेज बसों की कमी इसकी बड़ी वजह है।
विज्ञापन
शहर के गांधीपार्क, मसूदाबाद, सारसौल सेटेलाइट बस स्टैंड पर कानुपर, एटा, आगरा, मथुरा मार्ग पर यात्रियों की सर्वाधिक भीड़ रही। इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या के सापेक्ष रोडवेज बसों की बड़ी कमी रही। परिवहन निगम ने होली पर अतिरिक्त बसें चलाने की घोषणा की थी। यात्रियों की संख्या के आगे रोडवेज की व्यवस्थाएं धराशायी हो गईं। बसें पहले से ही खचाखच भरी हुई थीं। जब अंदर जगह नहीं मिली तो दरवाजों पर लटककर या छत पर बैठकर यात्रा करनी पड़ी।
उधर स्थानीय मार्गों पर भी भीड़ और बसों की कमी के चलते सैकड़ों यात्रियों को मजबूरी में अन्य वाहनों में यात्रा करनी पड़ी। आरएम सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि कानपुर- दिल्ली मार्ग पर करीब 400 बसों को चलाया गया है। कुछ बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। कुछ मार्गों पर यात्रियों की मांग को देखते हुए भी बसों को संचालित कराया जा रहा है।
विज्ञापन
इधर, ट्रेनों में काफी भीड़ की स्थिति देखने को मिली। लोकल ही नहीं एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनों में भी भीड़ है। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में सर्वाधिक भीड़ है। अलीगढ़ से दिल्ली जाने वाली सभी ईएमयू पैसेंजर ट्रेनों में इतनी भीड़ थी कि दरवाजों पर भी यात्री लटके हुए थे। जीआरपी एवं आरपीएफ के जवान उन्हें नियंत्रित करते हुए दिखाई पड़े।