फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: एटूजेड प्लांट के सामने शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन, रोड जाम, नगर निगम अधिकारी पहुंचे मौके पर

Sun, 10 Aug 2025 11:54 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

अलीगढ़ का कूड़ा एटूजेड प्लांट पर इकट्ठा किया जाता है। वहां पर कूड़े का पहाड़ बन गया है। इससे आने वाली बदवू से परेशान आस-पास की कॉलोनी वालों ने हंगामा शुरू कर दिया और मथुरा रोड जाम कर दिया।
विज्ञापन
जाम मथुरा रोड - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ के मथुरा रोड स्थित ए टु जेड प्लांट से उठने वाली कूड़े के सड़ांध से लोगों का घर में रहना दूभर हो गया है। इससे परेशान होकर 10 अगस्त को आसपास के लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशितों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्टेट हाईवे को पांच घंटे जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन से टकराव भी हुआ। पुलिस एक प्रदर्शनकारी को घसीटते हुए ले गई। 

विज्ञापन


मथुरा रोड स्थित ए टु जेड प्लांट में लगभग 30 मीटर ऊंचा और पांच मीट्रिक टन कूड़े का पहाड़ बना हुआ है। इससे यहां के लगभग 30-40 हजार की आबादी का जीना मुहाल हो गया है। बारिश के बाद हुई धूप से कूड़े से उठने वाली बदबू से लोग परेशान हो उठे। रविवार सुबह करीब सात बजे विश्व हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सारस्वत के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और किन्नर समाज के लोगों ने प्लांट के गेट के सामने मथुरा रोड स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। 
विज्ञापन


लोगों ने स्कार्पियों, ई-रिक्शा और लोडर खड़ी कर जाम लगा दिया। यही नहीं तख्त रख कर उस पर बैठ गए। लोडर में साउंड में देश भक्ति गाना लगा दिया। सड़क जाम होने की सूचना पर सासनी गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। जाम न हटने पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, एएसपी मृगांक पाठक, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह यादव, प्रवर्तन दल और दो-तीन थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंच गई। पुलिस-प्रशासन ने मिल कर सभी को खूब मनाया लेकिन वह नहीं माने। कई बार पुलिस-प्रशासन से लोगों का टकराव हुआ। मान-मनौव्वल का दौर साढ़े 11 बजे तक चला।

विज्ञापन

इस बीच सहमति बनी की जाम हटा कर धरना प्रदर्शन-जारी रहेगा। पुलिस वाहनों का हटाने लगी इसी बीच प्रदर्शन कर रहे अनूप सारस्वत दारोगा से भिड़ गए। इस पर पुलिस जबरन घसीटते हुए उन्हें पुलिस वाहन में डाल कर उठा ले गई। 12 बजे पुलिस ने बलपूर्वक वाहनों को हटा कर आवागमन सुचारू कराया। 
 दोपहर के बाद गौरव, शांतनु गुप्ता, गौरव राजपूत, तरुण आर्य, शरद राठी, राहुल गौड़ आदि ने थाने पहुंच कर अनूप सारस्वत को छुड़वाना चाहा लेकिन पुलिस ने छोड़ने से मना कर दिया। काफी देर बहस के बाद सभी बैरंग लौट आए। लोगों ने पुलिस व प्रशासन को ज्ञापन देना चाहा लेकिन किसी ने नहीं लिया। 

जाम से यात्री हुए परेशान 
अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे सुबह-सुबह जाम होने से यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई। पुलिस ने जाम के कारण सासनी गेट चौराहे पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोक दिया। कुछ बाइक व स्कूटी सवारों से प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई। कई बाइक सवार बाउंड्रीवाल कूदा कर बाइक लेकर निकले। हाईवे जाम होने से मथुरा की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। 

कूड़े के पहाड़ से उठने वाली बदबू से घर में रहना दूभर हो गया। हर समय आने वाली बदबू से बहुत परेशानी हो रही है। कई बार शिकायत के बाद भी निगम ने कोई सार्थक कदम नहीं उठाया। - कविता, बापूधाम कॉलोनी 
लाखों मीट्रिक टन कचरा लोगों को बहुत दर्द दे रहा है। बदबू से लोग परेशान है। बहुत से लोग बीमार पड़े हैं। सांस लेने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। - प्रदीप, पुष्प विहार कॉलोनी
मथुरा रोड पर लोग आना पसंद नहीं करते हैं। रिश्तेदार और मित्र घर पर भी बदबू के कारण नहीं आते हैं। एक तरह से हम सभी समाज से बहिष्कृत हो गए हैं। - रिंकल, कृष्णा धाम कॉलोनी
कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम के पास कोई योजना नहीं है। कहने को ए टु जेड प्लांट है लेकिन यह भी शहर से निकलने वाले हर दिन के कूड़े का पूरा निस्तारण नहीं कर रहा है। - राम बिहारी, सुम्मेर नगर
हर बार नगर आयुक्त बदलते है। हर कोई अपनी-अपनी योजना लेकर आता है। जब तक उस योजना का क्रियान्वयन होता है तब तक नगर आयुक्त बदल जाते हैं। ऐसे में कूड़े का ढेर बढ़ता जाता है। - तरुण आर्य, प्रिंस नगर 
कूड़े के निपटान के लिए बेहतर प्रबंधन किया जाएगा। बदबू को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएंगे। संयंत्र प्रबंधन को कूड़े के ढेर को व्यवस्थित करने और वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं। - अतुल गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट
ए टु जेड और लगेसी वेस्ट निस्तारण करने वाली कंपनी को नोटिस जारी किया जा चुका है। जल्द ही प्लांट को शिफ्ट किया जाएगा। इसका कार्य क्रियाशील है। शासन भी इस पर गंभीर है। जल्द ही इस समस्या का निदान निकाला जाएगा। - प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें