बुधवार की रात चोरों ने धनीपुर मंडी की सात दुकानों के ताले चटकाकर हजारों की नगदी साफ कर दी। टीन काटकर घुसे चोरों ने दुकानों की तिजोरियों के ताले तोड़ कर उनमें रखी नगदी चोरी कर ली। आढ़तियों को चोरी का पता बृहस्पतिवार सुबह चला। मंडी में पिछले दो माह में चोरी की यह तीसरी घटना है। इस मामले में आढ़तियों ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के विरोध में आढ़तियों ने शुक्रवार से अनिश्चितकाल तक मंडी बंद रखने का एलान किया है।
बुधवार की रात चोरों ने धनीपुर गल्ला मंडी को निशाना बनाया। एक ही कतार में दिनेश कुमार की दुकान संख्या बी16, उपाध्याय ट्रेडिंग कंपनी की दुकान संख्या बी17, वीरेंद्र सिंह की दुकान संख्या बी18, राजवीर सिंह ताऊ की दुकान ब19, दुर्गा एंड कंपनी दुकान संख्या बी20, पसाउ वालों की दुकान बी21 व गंगाशरण रामशरण की दुकान संख्या बी22 का टीनशेड काटकर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद दुकानों में रखी तिजोरियां तोड़कर करीब 50 हजार की नगदी चुरा ली।
बृहस्पतिवार सुबह जब आढ़ती मंडी पहुंचे तो दुकानों के ताले टूटे देखकर हतप्रभ रह गए। आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। मंडी सचिव भी मौके पर आए और व्यापारियों को सांत्वना दी। सूचना पर मंडी के प्रभारी अधिकारी व सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर नहीं आने से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने गल्ला व्यापारी कल्याण समिति के बैनर तले पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद समिति की आपात बैठक बुलाकर घटना का खुलासा होने तक शुक्रवार से अनिश्चितकाल के लिए मंडी बंद रखने का एलान कर दिया।
अध्यक्ष सुरेश चंद लोधी ने कहा कि मंडी में चोरी की दो माह में तीसरी घटना है। उन्होंने कहा कि हर रोज रात में गल्ला मंडी में ही सब्जी की बिक्री होती है। इसे बंद कराया जाए। इस मौके पर महामंत्री दयानंद गोयल, राजकुमार मित्तल, योगेंद्र पाल सिंह, मनोज सिंह, मुनेंद्र पाल, सुनील, प्रदीप अग्रवाल आदि उपस्थित थे। इधर, इंस्पेक्टर गांधीपार्क ने बताया मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
मंडी में पुलिस चौकी व गार्ड, फिर भी चोरी
अलीगढ़। मंडी में बतौर सुरक्षा एक पुलिस चौकी है। यही नहीं मंडी प्रशासन ने सात सुरक्षा गार्ड भी रखे हुए हैं। इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
आज होगी आढ़तियों की बैठक
अलीगढ़। गल्ला व्यापारी कल्याण समिति के अध्यक्ष सुरेश लोधी ने बताया कि सुरक्षा को शुक्रवार को सुबह 11 बजे व्यापारियों की बैठक बुलाई गई है। इसमें आंदोलन को लेकर विचार विमर्श होगा।