खेरेश्वर मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए कतार में लगे कांवड़िया
- फोटो : संवाद
पांच शुभ संयोग में होगा भोलेनाथ का पूजन
सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए कई शुभ संयोग बन रहे हैं। ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा के अनुसार शिव पूजन और जलाभिषेक का विशेष महत्व रहेगा। इस दिन पुत्रदा एकादशी व्रत के पारण के साथ प्रीति योग, आयुष्मान योग, हंस राजयोग और बुधादित्य राजयोग का संयोग बन रहा है। साथ ही शिववास कैलाश पर माना जा रहा है। ऐसे में भगवान शिव के साथ भगवान विष्णु की पूजा का भी विशेष महत्व रहेगा।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा जांचने पहुंचे एडीजी
एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने रविवार को अलीगढ़ पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग, पुलिस कांवड़ शिविर और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इसके बाद थाना सिविल लाइन क्षेत्र की मेडिकल चौकी पर संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। यहां आगामी त्योहारों को लेकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर चर्चा हुई।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रभावी पुलिसिंग के साथ आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सकुशल माहौल में संपन्न हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसएसपी नीरज कुमार जादाैन, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार यादव समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।